रायपुर में कसार समाज की ओर से भगवान श्री सहस्त्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन की जयंती 16 नवंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई. इस अवसर पर सामाजिक एकता और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. समाज के लोगों ने इनमें सक्रिय भागीदारी की.
जयंती समारोह के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और परामर्श शिविर लगाया गया. शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरत के अनुसार चिकित्सकों ने परामर्श दिया. आयोजन के जरिए लोगों को नियमित स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश भी दिया गया.
जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से रक्तदान शिविर भी आयोजित हुआ. समाज के सदस्यों और अन्य रक्तदाताओं ने इसमें भाग लेकर रक्तदान किया. आयोजकों ने इसे जरूरत के समय दूसरों की सहायता के लिए आगे आने का माध्यम बताया.
लाइव रंगोली बनी आकर्षण
बच्चों और युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए रंगोली कार्यशाला आयोजित की गई. इसमें भगवान श्री सहस्त्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन का स्वरूप लाइव रंगोली के जरिए उकेरा गया. इसे देखने के लिए लोग जुटे और यह समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा.
कार्यक्रम के अंत में समाज के सभी वर्गों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. कसार समाज ने आयोजन में सहयोग देने वाले समाजजनों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं और अन्य प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया.
