रायपुर में रायपुर साहित्य उत्सव-2027 का आयोजन 8 से 10 जनवरी तक किया जाएगा. तीन दिवसीय यह उत्सव नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित होगा. इस बार महोत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रबुद्ध साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण तथा पोस्टर का विमोचन किया. इसके साथ ही आयोजन की औपचारिक घोषणा की गई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की अभिव्यक्ति होती है. उनके अनुसार, साहित्य उत्सव इस विरासत को व्यापक स्तर पर सामने लाने के साथ साहित्यिक संवाद और रचनात्मक अभिव्यक्ति का मंच बनेगा.
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य पर जोर
उत्सव में छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण-संवर्धन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है. गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी समेत विभिन्न भाषाओं और बोलियों में मौजूद लोकज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के दस्तावेजीकरण को महत्वपूर्ण बताया गया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा भारत’ थीम देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य की भावना को सामने रखती है. उन्होंने यह भी कहा कि इस बार आयोजन को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा.
आठ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित
राज्य शासन ने रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के लिए आठ सदस्यीय सलाहकार समिति गठित की है. समिति में पंकज झा, कृष्णा दास, शशांक शर्मा, प्रभात मिश्रा, आलोक सिंह, अनंत विजय, हितेश शंकर और मनोज कुमार को शामिल किया गया है.
