रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर में संविधान दिवस के अवसर पर गुरु घासीदास साहित्य एवं संस्कृति अकादमी और अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी-कर्मचारी सोशल कल्चर ऑर्गेनाइजेशन के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया. इसके बाद उपस्थित लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया.

सतनामी समाज और आरक्षित वर्गों से जुड़े लोगों ने संविधान की रक्षा तथा उसकी गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि संविधान से लोगों को अधिकार, न्याय और समानता का आधार मिला है. उन्होंने संविधान में निहित समता, न्याय और भाईचारे के मूल्यों को जीवन में अपनाने की जरूरत बताई.

कार्यक्रम में दिल्ली से आए साहित्यकार एवं नाट्यकार राजेश कुमार, पूर्व कमिश्नर जीआर चुरेन्द्र, सेवानिवृत्त आईएएस दिलीप वासनिकर, पूर्व न्यायाधीश एसएल मात्रे, डॉ. जेआर सोनी और डॉ. संजीव खुदशाह सहित अन्य वक्ताओं ने विचार रखे.

वक्ताओं ने अपील की कि लोग जन्मदिन और विवाह समारोहों में उपहार के रूप में संविधान की पुस्तक दें. उनका कहना था कि इससे शहरों और गांवों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अंतिम छोर तक रहने वाले लोगों को इसके प्रावधानों की जानकारी मिल सकेगी.

कार्यक्रम में भीम गीतों की प्रस्तुति भी हुई. आयोजन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.