रायपुर के संजय नगर में एक परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस जांच के बाद नया निष्कर्ष सामने आया है. पुलिस के अनुसार, परिवार के मुखिया साजिद अली ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ देने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. टिकरापारा थाना पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद साजिद अली के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है.
मामला मदनी चौक स्थित किराए के मकान का है, जहां 17 जुलाई को पांचों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिले थे. साजिद का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी पत्नी राबिया, बेटे इरशाद अली और बेटियों शाहिदा बेगम व इरशाबा परवीन के शव कमरे में मिले थे. शुरुआत में पुलिस ने इसे संदिग्ध मौत का मामला मानकर विशेष जांच दल गठित किया था.
पुलिस की पड़ताल के मुताबिक, साजिद मोबाइल फोन के जरिये सट्टा खिलाने का काम करता था और इस कारोबार में नुकसान के बाद आर्थिक संकट में घिर गया था. बैंक खातों की जांच में पांच वर्षों के दौरान करीब 70 लाख रुपये के लेनदेन की जानकारी सामने आने की बात कही गई है. पुलिस ने कर्ज और आर्थिक तंगी को घटना की संभावित वजह बताया है.
जांच के अनुसार, घटना वाली रात साजिद ने बेटे इरशाद को फोन कर घर बुलाया था. पुलिस का दावा है कि उसने बाजार से लाई मिठाइयों और खाने-पीने की चीजों में जहरीला कीटनाशक मिलाया. सीसीटीवी फुटेज, बैंक खातों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने यह निष्कर्ष निकाला.
पुलिस के अनुसार, घटना से करीब ढाई महीने पहले साजिद ने एक परिचित से पारिवारिक संबंध खराब होने और जीने की इच्छा खत्म होने की बात भी कही थी.
