छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के मौके पर भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम 30 अक्टूबर को रायपुर के आसमान में उड़ान भरेगी. दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे के बीच होने वाली इस उड़ान को शहरवासी अपने घरों की छतों से देख सकेंगे.
सारंग टीम के हेलीकॉप्टरों की उड़ान राज्योत्सव कार्यक्रमों से पहले शहर में खास आकर्षण का केंद्र रहेगी. टीम अपने हवाई करतब, फॉर्मेशन फ्लाइंग और हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल के लिए जानी जाती है.
2 नवंबर को सेंध लेक क्षेत्र में एयर शो
राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का एयर शो आयोजित किया जाएगा. इस प्रदर्शन में हेलीकॉप्टरों के समूह में उड़ान भरने, एक साथ दिशा बदलने, तेजी से ऊपर उठने और अलग-अलग आकृतियां बनाने जैसे करतब शामिल होंगे.
सारंग टीम में भारत में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है. हेलीकॉप्टरों पर मोर से प्रेरित रंग और डिजाइन टीम की पहचान माने जाते हैं.
2003 में हुआ था टीम का गठन
भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का गठन 2003 में किया गया था. फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में टीम ने पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया था. इसके बाद टीम देश और विदेश के विभिन्न एयर शो में हिस्सा ले चुकी है.
टीम में पांच हेलीकॉप्टर होते हैं. आम तौर पर चार हेलीकॉप्टर प्रदर्शन करते हैं, जबकि पांचवें को बैकअप के रूप में रखा जाता है. फॉर्मेशन उड़ान के दौरान पायलटों को गति, दिशा और हेलीकॉप्टरों के बीच दूरी का सटीक संतुलन बनाए रखना होता है.
