राज्योत्सव से पहले रायपुर के लोगों को 30 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की उड़ान देखने का मौका मिलेगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, टीम दोपहर 12 बजकर 20 मिनट से 12 बजकर 45 मिनट तक शहर के आसमान में ट्रायल उड़ान भरेगी. लोग अपने घरों और छतों से हेलीकॉप्टरों की गतिविधि देख सकेंगे.

यह उड़ान 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंद लेक क्षेत्र में होने वाले मुख्य एयर शो की तैयारियों का हिस्सा है. मुख्य कार्यक्रम में सारंग टीम हवाई फॉर्मेशन और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन करेगी. तैयारियां गुरुवार से शुरू होने की जानकारी दी गई है.

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से प्रदर्शन

सारंग टीम स्वदेश में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर यानी ALH ध्रुव का इस्तेमाल करती है. इन हेलीकॉप्टरों पर मोर पंख से प्रेरित रंग और डिजाइन इसकी खास पहचान हैं. टीम में कुल पांच हेलीकॉप्टर होते हैं. प्रदर्शन के दौरान सामान्यतः चार हेलीकॉप्टर करतब दिखाते हैं, जबकि एक हेलीकॉप्टर बैकअप के तौर पर रखा जाता है.

टीम का प्रमुख आकर्षण फॉर्मेशन फ्लाइंग है. इसमें हेलीकॉप्टर एक-दूसरे से निश्चित दूरी बनाए रखते हुए एक साथ उड़ान भरते हैं. इसके अलावा दिशा बदलना, तेजी से ऊंचाई हासिल करना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना भी प्रदर्शन का हिस्सा होता है. इन करतबों के लिए पायलटों को गति, दिशा और दूरी का सटीक तालमेल बनाए रखना पड़ता है.

सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का गठन 2003 में हुआ था. टीम ने फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन किया था. इसके बाद वह देश-विदेश के कई एयर शो में हिस्सा ले चुकी है.