रायपुर जिले के खरोरा थाना क्षेत्र के सारागांव में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 11 अक्टूबर को ग्वाला पोल्ट्री फार्म के पास की गई, जहां जुआ फड़ संचालित होने की सूचना मिली थी. मौके से 3,48,820 रुपये नकद सहित कुल 14,53,820 रुपये की संपत्ति जब्त की गई.
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में रायपुर जिले के अलावा बिलासपुर और बलौदाबाजार के लोग भी शामिल हैं. बिलासपुर से दीपक दास मानिकपुरी, अभय सिंह और राजू सोनी के पहुंचने की जानकारी दी गई है. बलौदाबाजार से भाव सिंह के शामिल होने की बात कही गई है. इसके अलावा धरसींवा, उरकुरा, बुड़ेरा, फरफौद और बरौदा क्षेत्र के लोगों को भी पकड़ा गया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 52 ताश के पत्ते, एक कार, आठ दोपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए. जब्त सामान की कुल कीमत नकदी समेत 14.53 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कथित मुख्य जुआरी उमेश साहू मौके से भाग गया. उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने बताया कि दीवाली के दौरान जुआ गतिविधियों की आशंका को देखते हुए रायपुर के आउटर और ग्रामीण इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है. अधिकारियों के मुताबिक, त्योहार तक ऐसे क्षेत्रों में जांच और कार्रवाई जारी रहेगी.
