रायपुर के सरोना आजाद नगर में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी करने के मामले में आमानाका पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है. पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद करने का दावा किया है. बरामद गहनों की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है.
महिला ने पुलिस को बताया कि वह 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर में ताला लगाकर अपनी मां के साथ भानुप्रतापपुर गई थी. 19 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे लौटने पर कमरे का सामान बिखरा मिला. अलमारी का लॉक और अंदर बना लॉकर टूटा हुआ था. जांच में सोने की दो चेन, दो लॉकेट, दो चूड़ियां, दो नथ, चेन वाली बालियां और चांदी की पायल समेत अन्य गहने गायब मिले.
शिकायत के मुताबिक, आरोपी पीछे की दीवार फांदकर पिछले दरवाजे तक पहुंचा और उसका ताला तोड़कर घर में दाखिल हुआ. इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर गहने निकाल लिए गए. आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305(a) में मामला दर्ज किया गया.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल के निरीक्षण और आसपास पूछताछ के बाद संदेह के आधार पर विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया. पूछताछ में उसके चोरी स्वीकार करने की बात कही गई है. वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया.
