रायपुर के सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास पुलिस ने गांजा रखने के आरोप में मुंबई निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसके पास मौजूद अलग-अलग बैगों से कुल 12 किलो गांजा बरामद हुआ है. जब्त सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, 23 नवंबर को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना रेलवे प्लेटफॉर्म के पास एक महिला गांजा लेकर मौजूद है और वहां से कहीं जाने की तैयारी में है. सूचना के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी. नगर पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई.
अधिकारियों की निगरानी में टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर महिला की पहचान की. पूछताछ में उसने अपना नाम सोनाली मोटे बताया. पुलिस के अनुसार, वह मुंबई की रहने वाली है. इसके बाद उसके पास मौजूद बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें गांजा मिला.
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने सोनाली मोटे के खिलाफ डी.डी. नगर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच की जा रही है.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था. जांच में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े संभावित लोगों की पहचान के लिए आगे और पीछे की कड़ियों की पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
