महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को रायपुर में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी. कार्यक्रम भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की ओर से कराया जा रहा है.

सभा की शुरुआत सुबह 10 बजे बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में होगी. कार्यक्रम के माध्यम से गांधी और शास्त्री के आदर्शों व विचारों का स्मरण करते हुए समाज में शांति, प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकता का संदेश दिया जाएगा.

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के प्रति सम्मान और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा. शिक्षा मंत्री और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे. राज्यसभा सांसद और संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी.

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने लोगों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने सर्वधर्म समभाव, शांति और राष्ट्रीय एकता के संदेश को मजबूत करने का आह्वान किया.

गांधी और शास्त्री की जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम सत्य, अहिंसा, सादगी, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है.