रायपुर की NIT स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) शाखा में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की कोशिश की. आरोपियों ने खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में प्रवेश किया और स्ट्रांग रूम तक पहुंचने के लिए कई ताले तोड़े. हालांकि, वे लॉकर रूम तक पहुंचकर नकदी या अन्य सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके.

पुलिस के मुताबिक, चोर बैंक मैनेजर के केबिन से CPU की हार्ड डिस्क, RAM और SSD ले गए. इसके बाद उन्होंने स्ट्रांग रूम की ओर जाने वाले ग्रिल गेट और दरवाजे के चार ताले तोड़ दिए. लॉकर रूम के चार तालों में से एक ताला भी टूटा मिला, लेकिन आरोपी लॉकर तक नहीं पहुंच पाए.

CCTV कैमरों के तार काटे

वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपियों ने बैंक में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और उनके तार काट दिए. इससे जांचकर्ताओं को शुरुआती स्तर पर घटनास्थल से जुड़े दृश्य साक्ष्य जुटाने में चुनौती आई है. पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

घटना की जानकारी मिलने के बाद सरस्वती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक परिसर का निरीक्षण किया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 305, 324(4) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है.

नकदी और लॉकर की रकम सुरक्षित

पुलिस और बैंक से जुड़े शुरुआती विवरण के अनुसार, चोर स्ट्रांग रूम और लॉकर तक नहीं पहुंच सके. इसलिए बैंक में रखा कैश और लॉकर में मौजूद रकम चोरी होने से बच गई. फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ आसपास के CCTV फुटेज की जांच कर रही है.

इस घटना में बैंक के सुरक्षा इंतजाम और पुलिस थाने के नजदीक स्थित शाखा की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी कितने थे और वे बैंक परिसर में कितनी देर तक मौजूद रहे.