रायपुर के पटेवा स्थित एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र के बाल काटने के मामले में प्राचार्य पल्लवी मरार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. गोबरा नवापारा पुलिस ने यह कार्रवाई किशोर न्याय (बालकों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

शिकायत के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 को स्कूल में अनुशासन के नाम पर छात्र के लंबे बालों की चोटी बनाई गई और कैंची से बाल काटे गए. इसके बाद छात्र स्कूल जाने से कतराने लगा. छात्र के स्वजन की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई थी.

शिक्षा विभाग के निर्देश पर दो प्राचार्यों की जांच टीम ने 31 जुलाई 2026 को स्कूल का निरीक्षण किया. टीम ने छात्र, उसके माता-पिता, प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों के बयान दर्ज किए. जांच में धन्वंतरी अस्पताल, रायपुर की 5 जून 2026 की चिकित्सकीय रिपोर्ट भी शामिल की गई. रिपोर्ट में छात्र को नींद में परेशानी, चिड़चिड़ापन और स्कूल जाने से डर जैसी समस्याएं होने का उल्लेख है.

जांच रिपोर्ट में छात्र को मानसिक संताप और शारीरिक असुविधा पहुंचाए जाने की बात कही गई है. छात्र ने गृहकार्य अधूरा होने पर गणित शिक्षक अजय कुमार देवांगन द्वारा कान मरोड़ने का आरोप भी लगाया, जबकि शिक्षक ने शारीरिक दंड देने से इनकार किया.

रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद छात्र की स्कूल में उपस्थिति अनियमित हो गई और अप्रैल 2026 में उसका दूसरे स्कूल में दाखिला करा दिया गया. जांच दल ने स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को भविष्य में ऐसा व्यवहार नहीं करने की चेतावनी देने की अनुशंसा की थी.