दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में चल रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत WRS मार्केट में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया. नाटक के जरिए लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक रहने और ईमानदारी अपनाने का संदेश दिया गया.
रायपुर रेल मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जा रहा है. इस वर्ष अभियान की थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखी गई है. कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
नाटक में भ्रष्टाचार के दुष्परिणाम दिखाए
प्रस्तुति के दौरान बच्चों ने भ्रष्टाचार से होने वाले नुकसान को नाटक के माध्यम से सामने रखा. उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. लोगों को अपने आसपास भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और अपने कार्यों में ईमानदारी बरतने का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों और रेलकर्मियों से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन तथा कार्यक्षेत्र में पारदर्शिता बनाए रखें. साथ ही भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सामूहिक रूप से योगदान देने का आग्रह किया गया.
