रायपुर में सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर रविवार देर रात तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई. हादसे में कार सवार 22 वर्षीय युवती शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं. चारों नया रायपुर से रायपुर लौट रहे थे.
डिवाइडर से टकराने के बाद पलटी कार
हादसा नया रायपुर से सेरीखेड़ी की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर के बाद कार पलट गई, जिससे वाहन को काफी नुकसान पहुंचा.
हादसे के बाद शिवानी ठाकुर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घायल तीनों लोगों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी हालत सामान्य बताई गई है.
मंदिर हसौद पुलिस कर रही जांच
हादसे में घायल लोगों की पहचान अनंत सोनकर, प्रखर सोनकर और सेजल सोनकर के रूप में बताई गई है. अनंत सोनकर धमतरी के रामबाग, प्रखर सोनकर रायपुर की पुरानी बस्ती और सेजल सोनकर रायपुर के कोटा क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं.
सूचना मिलने पर मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस वाहन की गति, चालक के नियंत्रण और दुर्घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है.
