रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में सेरीखेड़ी रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क किनारे काम कर रहे तीन मजदूर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए. हादसे में राजस्थान निवासी कपिल सैनी उर्फ गोलू और पिंटू माली की मौत हो गई, जबकि तीसरा मजदूर थनवा घायल है.
पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे की है. ग्राम सेरीखेड़ी में एनएच-53 के बीच बने सीमेंट डिवाइडर पर मजदूर पेंटिंग कर रहे थे. काम के दौरान सुरक्षा के लिए सड़क पर स्टॉपर लगाए गए थे. इसी बीच आरंग की ओर से आ रहे वाहन ने स्टॉपर को टक्कर मारी और मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे में कपिल के सिर पर गंभीर चोट आई थी. उसे मंदिरहसौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पिंटू को रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 29 अक्टूबर की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
दोनों मृतक राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के श्यारोली क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं. थनवा को हल्की चोटें आई हैं और उसका उपचार डीकेएस अस्पताल में चल रहा है. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है.
