रायपुर में संगीतप्रेमियों के लिए ‘शाम-ए-गज़ल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. निजी कार्यक्रम में गज़ल, गायन और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं का ध्यान आकर्षित किया. कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया.

कार्यक्रम में साधना मिश्रा ने गायन की प्रस्तुति दी. उनके साथ नविंदर सिंह ने कीबोर्ड, अभिषेक दानसेना ने बेस गिटार, ओंकार कश्यप ने एकॉस्टिक गिटार, पुष्पराज दादसेना ने फ्लूट, शैलेश वेदव्यास ने तबला और हेमांक साहू ने ड्रम पर संगत दी. गायन और वाद्य यंत्रों की जुगलबंदी से कार्यक्रम में संगीत का विविध रंग देखने को मिला.

कलाकारों को मंच देने की पहल

‘शाम-ए-गज़ल’ का आयोजन Vadyakar Arts & Entertainment के मैनेजिंग हेड्स रवि बैस, अमीषा घोष और नवी सिंह के नेतृत्व में किया गया. कार्यक्रम में Craft Story Bastar Art के डायरेक्टर सुधांशु सिंह भी मौजूद रहे.

आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का उद्देश्य कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने के साथ गज़ल और भारतीय संगीत की परंपरा को श्रोताओं तक पहुंचाना था. सुर, साज़ और भावपूर्ण गायन के मेल ने उपस्थित संगीतप्रेमियों के लिए शाम को यादगार बनाया.