रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपये की कथित रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी शोएब ढेबर पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. पुलिस के अनुसार, रंगदारी लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फोन करके मांगी गई थी.

मध्य क्षेत्र रायपुर के पुलिस उपायुक्त कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी कराने या उसके बारे में सटीक और विश्वसनीय सूचना देने वाले व्यक्ति को नकद पुरस्कार दिया जाएगा. इनाम देने का अंतिम निर्णय मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त का होगा.

पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की भनक लगने के बाद शोएब ढेबर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है और फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रखी जा रही है. मामले की जांच के दौरान पुलिस के सामने ढेबर का नाम आया था. इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए कई स्तरों पर अभियान चलाया गया, लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आया.

गोपनीय जानकारी लीक होने की भी जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केस से जुड़ी कुछ गोपनीय जानकारी आरोपी तक पहुंचने के आरोपों के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात दो सिपाहियों—शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम—को लाइन अटैच किया गया है.

हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों ने इन आरोपों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. विभागीय स्तर पर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस ने लोगों से आरोपी के संबंध में ठोस और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है.