रायपुर के यतियतनलाल वार्ड स्थित गोवर्धन नगर में जल संचय जन भागीदारी योजना के तहत दर्ज बोरवेल रिचार्ज कार्यों की निगरानी पर सवाल उठे हैं. सरकारी पोर्टल पर क्षेत्र में छह अलग-अलग कार्य आईडी के तहत निर्माण पूरा होना दर्ज है, लेकिन दो कार्यों के लिए अपलोड की गई तस्वीरें एक जैसी बताई गई हैं.

पोर्टल रिकॉर्ड के अनुसार कार्य आईडी 4392622 की GPS लोकेशन 21.281244, 81.63031 है. इसकी शुरुआत 12 जुलाई 2025 और पूर्णता 19 जुलाई 2025 दर्ज है. दूसरी ओर, कार्य आईडी 4392796 की लोकेशन 21.28165, 81.62934 है. इस काम की शुरुआत 14 अगस्त 2025 और पूर्णता 24 अगस्त 2025 दर्ज की गई है. दोनों स्थानों के बीच करीब 110 मीटर की दूरी बताई गई है.

इसी क्षेत्र में 4391838, 4391936, 4392308 और 4557333 समेत चार अन्य कार्य भी ‘Completed’ दर्ज हैं. एक जैसी तस्वीरों के सामने आने के बाद सभी छह निर्माणों की स्थल पर जांच कर रिकॉर्ड और वास्तविक स्थिति का मिलान करने की जरूरत बताई जा रही है. उपलब्ध जानकारी में किसी विभागीय जांच या आधिकारिक स्पष्टीकरण का उल्लेख नहीं है.