छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू 26 अक्टूबर को रायपुर में संगठन से जुड़ी कई बैठकों में शामिल होंगे. पार्टी के अनुसार, इन बैठकों में संगठन की स्थिति की समीक्षा और आगामी रणनीति पर वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा की जाएगी.

स्मृति ईरानी के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका पहला रायपुर प्रवास है. प्रवास के पहले दिन उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को अनुशासन का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बैठकों में केवल आमंत्रित लोगों को ही शामिल होना चाहिए. बिना किसी काम या बुलावे के पार्टी कार्यालय आने से कार्यकर्ताओं को बचने की सलाह दी गई.

रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुना. इसके बाद उन्होंने प्रदेश कार्यालय की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए.

26 अक्टूबर का बैठक कार्यक्रम

सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी. इसके बाद 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पार्टी सांसदों के साथ बैठक प्रस्तावित है.

दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक मुख्यमंत्री साय के मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विशेष बैठक होगी. दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक विभिन्न निगमों, मंडलों, आयोगों और बोर्डों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक रखी गई है.

शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन बैठकों का केंद्र संगठनात्मक समीक्षा, समन्वय और आगे की रणनीति है.