रायपुर. छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी बनने के बाद अपने पहले दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन का संदेश दिया. भाजपा कार्यालय परिसर में उन्होंने कहा कि बैठक में जिन्हें बुलाया गया है, केवल वही कार्यालय में मौजूद रहें. बिना बुलाए या बिना वजह किसी कार्यकर्ता को कार्यालय नहीं आना चाहिए.

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ में सक्रिय होकर काम करने पर जोर दिया. रायपुर पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी भाजपा कार्यालय गईं, जहां उन्होंने सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और अन्य पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व आम लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना.

दिनभर चलेगी संगठनात्मक बैठकों की श्रृंखला

कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक रखी गई. इसके बाद दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठन की समीक्षा और आगामी रणनीति पर चर्चा होनी है.

दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक निर्धारित है. शाम 3:30 से 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ बैठक होगी. इसके बाद शाम 5:30 से 7 बजे तक पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संवाद का कार्यक्रम है. दिन के अंत में शाम 7 से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक होगी.

स्मृति ईरानी के इस प्रवास में पार्टी की प्रदेश संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा और आगे की रणनीति पर चर्चा प्रस्तावित है.