रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगाया जाएगा. मेले में 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं के जरिए 8,720 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी.
इस रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक और स्नातकोत्तर योग्यता वाले युवा भी आवेदन कर सकेंगे. उपलब्ध पदों में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, टेक्नीशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर शामिल हैं.
इसके अलावा सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, कस्टमर केयर, नर्सिंग स्टाफ, केयरटेकर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय, बाइक राइडर और पिकर-पैकर के पद भी उपलब्ध हैं. विभिन्न ट्रेड में अप्रेंटिस और ट्रेनी के अवसर भी रखे गए हैं.
किन क्षेत्रों में मिलेंगी नौकरियां
मेले में मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, बैंकिंग-फाइनेंस, सेल्स-मार्केटिंग, कस्टमर सर्विस, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी. रिक्तियों के लिए योग्यता 10वीं-12वीं से लेकर ITI, डिप्लोमा, BE/BTech, BSc Agriculture, सामान्य स्नातक, MBA और MCA तक निर्धारित की गई है.
इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर अपनी प्रोफाइल अपडेट कर योग्यता और रुचि के अनुसार पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. नियोजक पोर्टल पर उपलब्ध प्रोफाइल के आधार पर अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट भी कर सकेंगे. विभाग ने आधार और मोबाइल नंबर से जुड़ी जानकारी अपडेट रखने तथा जल्द आवेदन करने की सलाह दी है.
चयनित युवाओं को 8 अक्टूबर को ऑफर लेटर वितरित किए जाएंगे. मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, सतलुज टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट्स बैंक और आईसेक्ट समेत कई संस्थाओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
