छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए राज्य स्तरीय रोजगार मेला 7 और 8 अक्टूबर को रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई है. अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी सरकार को मिली है.
मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से होगा. इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर वितरित करेंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे. मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और सांसद भी आयोजन में शामिल होंगे.
किन योग्यताओं और पदों के लिए अवसर
रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ आईटीआई, डिप्लोमा और इंजीनियरिंग कर चुके युवाओं के लिए भी रिक्तियां हैं. कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित अन्य स्नातकोत्तर योग्यताधारी अभ्यर्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं.
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और गुणवत्ता निरीक्षक के पद शामिल हैं. इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के अवसर भी हैं.
बैंकिंग, फाइनेंस, मानव संसाधन, नर्सिंग, केयर टेकर, सुरक्षा सेवाओं, ड्राइविंग, डिलीवरी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर से जुड़े पदों पर भी भर्ती की जाएगी.
ऑनलाइन आवेदन और भाग लेने वाली कंपनियां
इच्छुक युवा छत्तीसगढ़ के ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कर उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं. पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की रिक्तियां प्रदर्शित की जा रही हैं. इससे नियोक्ताओं को उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखने और प्रारंभिक चयन सूची तैयार करने में मदद मिलेगी.
मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई कंपनियां भाग ले रही हैं.
विभाग के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के जरिए 9,463 अभ्यर्थी चयनित हुए थे. सितंबर 2026 तक वित्त वर्ष 2026 में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों में 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है.
