छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रायपुर में चल रहे दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का 8 अक्टूबर को अंतिम दिन है. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई है. आयोजन रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में हो रहा है.

विभाग के अनुसार, अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्तियों की जानकारी प्राप्त हुई है. मेले का उद्देश्य शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है. स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को भी इस आयोजन में शामिल किया गया है.

किन योग्यताओं और पदों के लिए अवसर

मेले में 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों के साथ आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि, सामान्य स्नातक, एमबीए और एमसीए सहित स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवाओं के लिए अवसर उपलब्ध हैं. तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन के पद शामिल हैं.

इसके अलावा मैकेनिकल इंजीनियर, गुणवत्ता निरीक्षक, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों पर भी भर्ती के अवसर हैं. बैंकिंग, फाइनेंस, मानव संसाधन, नर्सिंग, केयरटेकर, सुरक्षा सेवाओं, ड्राइविंग, डिलीवरी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर से जुड़े पद भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

ऑनलाइन पंजीकरण और चयन प्रक्रिया

इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कर उपलब्ध पदों और अपनी पात्रता की जानकारी देख सकते हैं. पोर्टल पर कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों की रिक्तियां प्रदर्शित की जा रही हैं. नियोक्ता अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखकर प्रारंभिक चयन के लिए उम्मीदवारों की सूची तैयार कर सकेंगे.

क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, सतलज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक समेत कई कंपनियां इसमें भाग ले रही हैं. दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे.

विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 के राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप में कुल 9,463 अभ्यर्थी चयनित हुए थे. सितंबर 2026 तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों के चयन की जानकारी दी गई है.