छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. मेला बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में लगेगा. अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्तियों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है.
इन पदों के लिए 10वीं और 12वीं पास युवाओं के साथ ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे. उपलब्ध पदों में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर और कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव शामिल हैं.
इसके अलावा नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस के पदों पर भी भर्ती के अवसर बताए गए हैं. रिक्तियों और योग्यता से जुड़ी जानकारी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध कराई जा रही है. इच्छुक अभ्यर्थी अपनी प्रोफाइल अपडेट कर योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. नियोजक इसी प्रोफाइल के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन कर सकेंगे.
इन कंपनियों ने उपलब्ध कराईं रिक्तियां
रोजगार मेले के लिए अब तक क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स–सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉरपोरेट समेत कई कंपनियों ने रिक्तियां दी हैं. विभाग अन्य कंपनियों से भी संपर्क कर अतिरिक्त पद जुटाने की प्रक्रिया में है.
रोजगार मेले के दूसरे दिन, 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर देने का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अध्यक्षता प्रस्तावित है.
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं से अपनी योग्यता के अनुरूप उपलब्ध पदों के लिए आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है. विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने अधिकारियों को आयोजन का व्यापक प्रचार करने और दूरदराज के युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
नियोजक रोजगार मेले में भागीदारी के लिए 7999385638 और 7000397968 पर संपर्क कर सकते हैं.
