रायपुर के आमानाका-कुकरबेड़ा इलाके में शुक्रवार सुबह तीन सांडों की लड़ाई की चपेट में आकर 62 वर्षीय महिला घायल हो गईं. हादसा उस समय हुआ, जब बरखा मोगरे अपने घर के बाहर ठेले से सब्जी खरीद रही थीं. घटना का वीडियो घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है.

परिजनों के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े आठ बजे पास में तीन सांड आपस में लड़ने लगे. कुछ ही देर में वे बेकाबू होकर महिला की ओर बढ़े. एक सांड ठेले से टकराया और उसकी चपेट में बरखा मोगरे भी आ गईं. तेज टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़ीं. इसके बाद सांड लड़ते हुए उनके घर के अंदर तक पहुंच गए.

परिवार ने बताया कि महिला के कंधे पर गंभीर चोट आई है और उन्हें अंदरूनी चोटें भी लगी हैं. करीब आठ महीने पहले उनकी रीढ़ की हड्डी का ऑपरेशन हुआ था और वे अभी स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं. बेटे जयंत मोगरे के अनुसार, हादसे के बाद उनकी मां काफी डर गई हैं.

जयंत ने कहा कि खुले में घूम रहे सांडों से सड़क पर आने-जाने वाले लोगों, खासकर बुजुर्गों और बच्चों, को खतरा बना रहता है. उन्होंने नगर निगम से आवारा मवेशियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

स्थानीय निवासी किशन लाला के अनुसार, कुकरबेड़ा के बोहरा मस्जिद इलाके में लंबे समय से आवारा मवेशियों का जमावड़ा रहता है. उनका दावा है कि इस संबंध में नगर निगम में शिकायतें की गई हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि, इस मामले में नगर निगम की ओर से कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है.