रायपुर के 16 वर्षीय आदित्य ने जानवरों के रेस्क्यू के लिए ‘वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस’ नाम से टीम और नेटवर्क तैयार किया है. 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले आदित्य ने करीब 10 साल की उम्र से जानवरों को बचाने का काम शुरू किया था. अब वे सांप, कुत्ते, बिल्लियों और गायों समेत अलग-अलग जानवरों के रेस्क्यू में लोगों की मदद कर रहे हैं.

आदित्य के मुताबिक, उनकी मुख्य रेस्क्यू टीम में करीब 10 लोग सक्रिय रूप से काम करते हैं. इसके अलावा WhatsApp ग्रुप के जरिए रायपुर शहर और दूसरे जिलों के 300 से 400 लोग तथा कुछ संगठन जुड़े हैं. किसी इलाके में जानवर के फंसे या घायल होने की सूचना मिलने पर ग्रुप में जानकारी साझा की जाती है. इसके बाद आसपास मौजूद रेस्क्यूअर को मौके पर भेजने की कोशिश की जाती है.

गौसेवा से शुरू हुआ काम

आदित्य ने बताया कि शुरुआत गौसेवा से हुई थी. बाद में उन्होंने सांपों और दूसरे जानवरों के रेस्क्यू का काम भी शुरू किया. उनका कहना है कि अलग-अलग लोग अपने स्तर पर मदद करते हैं, लेकिन हर व्यक्ति हर जगह समय पर नहीं पहुंच सकता. इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने रेस्क्यू करने वाले लोगों को एक मंच पर जोड़ने का फैसला किया.

आदित्य का मुख्य काम फिलहाल स्नेक रेस्क्यू है, हालांकि वे दूसरे जानवरों की मदद से भी जुड़े रहते हैं. नेटवर्क में नोवा नेचर, लीलावती गौ सेवा धाम, टीम करण सुना, साजिद खान, वाटिका एनिमल सेंचुरी और स्ट्रे कीपर जैसे नाम शामिल बताए गए हैं.

टीम से जुड़े 26 वर्षीय शशांक भारती गोस्वामी पिछले दो साल से स्नेक रेस्क्यू कर रहे हैं. वे पेशे से एसी रिपेयरिंग का काम करते हैं और उनके अनुसार, अब तक हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं. 29 वर्षीय आकाश सोनी भी करीब दो साल से टीम से जुड़े हैं. वे गौसेवा, डॉग रेस्क्यू और स्नेक रेस्क्यू में मदद करते हैं.

स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम

रेस्क्यू के साथ टीम स्कूल और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम भी करती है. इनमें लोगों को जहरीले और गैर-जहरीले सांपों की जानकारी, जीव-जंतुओं को न मारने और प्रकृति के संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में बताया जाता है. घर में सांप दिखने पर घबराने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.