रायपुर में एक छात्र का आर्चरी किट और मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में टिकरापारा पुलिस ने ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान RDA कॉलोनी, बोरियाखुर्द निवासी विल्सन ब्राउन (31) के रूप में हुई है. उसके पास से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा समेत करीब ₹2.50 लाख का सामान जब्त किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, छात्र उपांशु राव साईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेते हैं. 6 नवंबर को वह आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से भाठागांव बस स्टैंड जा रहे थे. रास्ते में उन्होंने अपना मोबाइल ई-रिक्शा में चार्जिंग पर लगा दिया था.
आरोप है कि चालक छात्र को बस स्टैंड ले जाने के बजाय भाठागांव चौक पर उतारकर किराए के ₹500 के नोट के लिए चिल्हर लाने की बात कहकर वहां से चला गया. इसी दौरान वह ई-रिक्शा में रखा ट्रॉली बैग और मोबाइल लेकर फरार हो गया. बैग में तीरंदाजी से जुड़े उपकरण रखे थे.
CCTV फुटेज से आरोपी की पहचान
छात्र की शिकायत पर टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1036/26 के तहत बीएनएस की धारा 305 में मामला दर्ज किया गया. एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज की जांच की. ई-रिक्शा की तकनीकी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान की.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की. उसके पास से पूरा आर्चरी किट, मोबाइल फोन और ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NZ 3733 बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, विल्सन ब्राउन के खिलाफ पहले आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट के मामले भी दर्ज हैं और वह इन मामलों में जेल जा चुका है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
