छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रायपुर के 36 सिटी मॉल स्थित सिनेमा हॉल में महिला की आत्महत्या से जुड़े मामले में आरोपी की अपील खारिज कर दी है. जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की एकल पीठ ने बाबली सिंह उर्फ बबलू उर्फ बोध सिंह को सुनाई गई पांच साल की सश्रम कैद और 2 हजार रुपये जुर्माने की सजा बरकरार रखी. यह सजा भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में सुनाई गई थी.
अदालत ने आरोपी को चार सप्ताह के भीतर संबंधित ट्रायल कोर्ट में सरेंडर कर सजा भुगतने का निर्देश दिया है. तय अवधि में सरेंडर नहीं करने पर ट्रायल कोर्ट उसे हिरासत में लेकर सजा पूरी कराने की कार्रवाई कर सकता है.
2013 में सिनेमा हॉल में महिला ने जहर खाया
अभियोजन के मुताबिक, 24 मई 2013 को मंजू शर्मा ने रायपुर के 36 सिटी मॉल स्थित सिनेमा हॉल में सल्फास खा लिया था. उन्हें डॉ. भीमराव आंबेडकर मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर खाने के कारण दिल और सांस से जुड़ी दिक्कतों को मौत की वजह बताया गया. राज्य फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की जांच में विसरा नमूनों में एल्युमिनियम फॉस्फाइड जहर की पुष्टि हुई.
पुलिस ने महिला के पर्स से सुसाइड नोट, सल्फास की पुड़िया, फोटो और पहचान पत्र बरामद किए थे. राज्य एफएसएल के हैंडराइटिंग विशेषज्ञ ने सुसाइड नोट और अन्य दस्तावेजों की लिखावट व हस्ताक्षरों की जांच की. रिपोर्ट के अनुसार, दस्तावेजों पर लिखावट एक ही व्यक्ति की थी.
कोर्ट ने लगातार प्रताड़ना को माना अहम
मृतका की मां ने अदालत में बयान दिया था कि घटना से दो-तीन महीने पहले उनकी बेटी ने आरोपी की प्रताड़ना और बेटे को अगवा करने की धमकी मिलने की बात बताई थी. उन्होंने यह भी कहा था कि आरोपी ने एक बार दुकान में उनकी बेटी को कुर्सी से पीटा था.
आरोपी की ओर से दलील दी गई कि महिला का वैवाहिक जीवन तनावपूर्ण था और उसने पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था. हाईकोर्ट ने सुसाइड नोट, हैंडराइटिंग विशेषज्ञ की रिपोर्ट और गवाहों के बयानों को देखते हुए यह दलील स्वीकार नहीं की.
अदालत ने कहा कि मामला केवल सामान्य विवाद या एक बार की कहासुनी का नहीं था. सुसाइड नोट में लगातार प्रताड़ना और गंभीर धमकियों का उल्लेख था, जिसकी पुष्टि परिजनों की गवाही से भी हुई. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि हर प्रताड़ना या विवाद को आत्महत्या के लिए उकसाना नहीं माना जा सकता; आरोपी की मंशा, व्यवहार और आत्महत्या के बीच संबंध का साबित होना जरूरी है. इस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निचली अदालत का फैसला सही पाया गया.
