रायपुर के सुभाष स्टेडियम में सूर्या कप सीजन-9 का आयोजन 26 सितंबर से किया जाएगा. टूर्नामेंट के सभी मैच नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे. इस बार प्रतियोगिता में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें 32 टीमें सिल्वर लीग और 16 टीमें आइकॉन लीग में खेलेंगी.
पहली बार U-19 खिलाड़ियों का ऑक्शन
इस सीजन की सबसे बड़ी खासियत अंडर-19 खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल किया जाना है. छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में हुए ट्रायल के जरिए 40 U-19 खिलाड़ियों का चयन किया गया है. इन खिलाड़ियों को अलग-अलग टीमों में शामिल करने के लिए 13 सितंबर को आईपीएल की तर्ज पर ऑक्शन रखा गया है.
आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का अनुभव देना है. U-19 खिलाड़ियों को अनुभवी और बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा.
दूसरे शहरों के खिलाड़ी भी शामिल
आइकॉन लीग में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के साथ बेंगलुरु, भोपाल और इंदौर के खिलाड़ी भी खेलेंगे. टीम शिवा ने बेंगलुरु के सागर भंडारी, SA रबर ने भोपाल के मोहम्मद अनस और सूर्या लायंस ने इंदौर के इरफान पटेल को शामिल किया है.
इसके अलावा मोहित पुजारी की टीम में भोपाल के मकबूल, GD-11 में भिलाई के तुषार यादव, बिलासपुर की चाक दे बॉयज में सौरभ शिलू और टीम RRC में गोपी पटेल खेलेंगे. बाउंड्री हिटर ने भिलाई के राज ठाकुर, माना की टीम ने रिचर्ड और मारियो ने राकेश यादव को आइकॉन खिलाड़ी बनाया है.
टूर्नामेंट की विजेता टीम को 5 लाख रुपए और उपविजेता को 3 लाख रुपए दिए जाएंगे. बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए कार, एक्टिवा और ईवी स्कूटी समेत अन्य पुरस्कार भी रखे गए हैं.
