रायपुर के बाजार में मिलते-जुलते नाम और पैकेट डिजाइन के साथ बेसन बेचने के आरोप में माना कैंप पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. शिकायतकर्ता मनीष शादीजा का आरोप है कि ‘सूर्यवंश’ ब्रांड की नकल करते हुए ‘सूर्यवंशी’ नाम से उत्पाद बाजार में बेचा गया.
पुलिस ने 10 अक्टूबर को ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया. शिकायत के अनुसार, मनीष शादीजा रामसागरपारा स्थित मनीष आटा चक्की के जरिए आटा, बेसन और फरसान से जुड़े उत्पादों का कारोबार करते हैं. उनका दावा है कि ‘सूर्यवंश’ ट्रेडमार्क वर्ष 2004 से पंजीकृत है और इसकी वैधता 21 जुलाई 2034 तक है.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ‘सूर्यवंशी’ बेसन के पैकेट में नाम के अलावा रंग, सूर्य का चिह्न, उत्पाद की तस्वीर और ‘शहर गृहणियों की पहली पसंद’ टैगलाइन भी मिलती-जुलती रखी गई. उनका कहना है कि इससे ग्राहक दोनों उत्पादों के बीच अंतर को लेकर भ्रमित हो सकते हैं और कारोबार तथा ब्रांड की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है.
शिकायत में उत्पादन और भंडारण का संबंध माना कैंप के डी-62, जय सदाराम मार्केट और तेलीबांधा के रविग्राम क्षेत्र से बताया गया है. एफआईआर में धीरज सचदेव और श्रीचंद सचदेव के नाम दर्ज हैं, जबकि शिकायत के विस्तृत विवरण में निर्मल सचदेव का उल्लेख है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
