रायपुर के शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में मारुति फाउंडेशन और हेरिटेज इंडिया की ओर से ‘टैलेंट 2.0’ गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने एक साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई. इसमें 6 से 20 वर्ष तक के प्रतिभागी शामिल हुए.

आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मंच उपलब्ध कराना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सभी को समान अवसर देना था. कार्यक्रम की अध्यक्षता मारुति फाउंडेशन की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने की. उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है. उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए.

मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने दिव्यांग और सामान्य बच्चों को समान अवसर देने तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की बात कही. विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताएं पहचानने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देते हैं.

प्रतियोगिता में शामिल निर्णायक

निर्णायक मंडल में छायांकन निर्देशक रोनी चंदेल, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नृत्यांगना एकता पंसारी, छत्तीसगढ़ आइडल संदीप रॉय जाधव, समाजसेविका नेहा पांडेय और गायिका व आध्या शक्ति महिला मंच की अध्यक्ष श्वेता दुरगई शामिल रहीं. आयोजन में दिव्यांग और सामान्य बच्चों को एक मंच पर लाकर समानता, समावेशिता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया. हेरिटेज इंडिया की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया.