रायपुर के सड्डू इलाके में साइबर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि जालसाजों ने खुद को एटीएस, एनआईए और पुलिस का अधिकारी बताकर 60 वर्षीय शिक्षक को करीब तीन दिन तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और उनसे 18 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करा लिए. ठगी का पता चलने के बाद शिक्षक ने रायपुर रेंज साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिकायत के अनुसार, 24 सितंबर को स्कूल से लौटने के बाद शिक्षक के मोबाइल पर फोन आया. कॉल करने वाले ने खुद को नया रायपुर एटीएस कार्यालय का वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बताया. उसने दावा किया कि शिक्षक के आधार नंबर से जम्मू-कश्मीर में बैंक खाता खोला गया है और उसमें मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला सामने आया है. शिक्षक को लखनऊ एटीएस से उनके नाम पर गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात भी कही गई.

शिक्षक के तत्काल कार्यालय नहीं पहुंच पाने पर कथित अधिकारी ने उन्हें दूसरे व्यक्ति से बात कराई. इसके बाद व्हाट्सऐप वीडियो कॉल पर पुलिस की वर्दी पहने एक युवक दिखाई दिया. शिकायत के मुताबिक, ठगों ने शिक्षक से परिवार के सदस्यों, बच्चों, उनके रहने की जगह, बैंक खातों, एफडी, वाहनों और चल-अचल संपत्ति की जानकारी जुटाई.

अगले दिन शिक्षक की बात कथित आईजी विक्रम सिंह और एनआईए अधिकारी राकेश अग्रवाल से कराई गई. दोनों ने कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग केस और गिरफ्तारी वारंट का डर दिखाया. शिक्षक के यह कहने पर कि वह कभी जम्मू-कश्मीर नहीं गए और वहां उनका कोई खाता नहीं है, उन्हें जांच पूरी होने तक अपनी चल संपत्ति की रकम जमा करने को कहा गया.

ठगों ने दावा किया कि रकम जमा करने के बाद एनआईए कोर्ट से ‘नॉन-इन्वॉल्वमेंट सर्टिफिकेट’ मिलेगा और रिजर्व बैंक उनकी संपत्ति की वैधता जांचेगा. इस डर में शिक्षक ने 25 सितंबर को एफडी तुड़वाकर रकम खाते में ट्रांसफर की. 26 सितंबर को बारिश के कारण आरटीजीएस नहीं हो सका.

27 सितंबर को उन्होंने आइडीएफसी फर्स्ट बैंक के एक खाते में 18 लाख रुपये भेजे. एफआईआर में खाते का नाम ‘JAMKA VALVE’ दर्ज बताया गया है. रकम भेजने के बाद ठगों ने जमा पर्ची मांगी. पर्ची नहीं होने पर शिक्षक से पासबुक अपडेट कर उसकी तस्वीर व्हाट्सऐप पर भेजने को कहा गया. उसी शाम उन्हें आरबीआई का कथित प्रमाणपत्र भी भेजा गया. मामले में पुलिस खाते और कॉल से जुड़े विवरण की जांच कर रही है.