रायपुर में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, ठगों ने खुद को ATS, NIA और पुलिस का वरिष्ठ अधिकारी बताकर 60 वर्षीय शिक्षक को तीन दिनों तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ रखा और उनसे 18 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए. मामले में रेंज साइबर पुलिस थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपियों ने शिक्षक को बताया कि उनके पहचान पत्रों का इस्तेमाल जम्मू-कश्मीर में एक फर्जी बैंक खाता खोलने के लिए किया गया है. इस खाते से मनी लॉन्ड्रिंग होने और लखनऊ ATS से उनके नाम पर गिरफ्तारी वारंट जारी होने का दावा भी किया गया. इसके बाद वर्दी पहने एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल पर खुद को अधिकारी बताते हुए शिक्षक को घर से बाहर नहीं जाने और किसी से संपर्क नहीं करने के निर्देश दिए.
तीन दिनों के दौरान आरोपियों ने शिक्षक के परिवार, बैंक बैलेंस और संपत्ति से जुड़ी जानकारी ली. उन्होंने सत्यापन के बाद RBI से ‘नॉन-इन्वॉल्वमेंट सर्टिफिकेट’ मिलने का भरोसा दिलाया. आरोपियों के दबाव में शिक्षक ने अपनी बैंक FD तुड़वाई और बताए गए खाते में RTGS के जरिए 18 लाख रुपये भेज दिए.
ठगी का पता चलने के बाद शिक्षक ने पुलिस से शिकायत की. साइबर रेंज अधिकारी ट्रांसफर किए गए खाते का विवरण खंगाल रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए हैं.
