रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने मामले में मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह करीब 30 लाख रुपये के उधार और तीन महीने से ब्याज का भुगतान नहीं होना था.

17 सितंबर को ग्राम बनचरौदा के पास सुनसान जगह पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने मृतक की पहचान 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर, निवासी रामपुर डंगनिया, थाना गोबरा नवापारा के रूप में की. पुलिस के मुताबिक, उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार और कठोर वस्तु से चोट के निशान थे. फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड और साइबर टीम ने भी जांच में सहयोग किया.

सीसीटीवी और वीएसके ऐप से जांच आगे बढ़ी

पुलिस के अनुसार, शिवकुमार और चंद्रप्रकाश ग्राम कुम्हारी के एक ही स्कूल में शिक्षक थे. ग्रामीणों और एक चरवाहे ने बताया कि शिवकुमार को घटना से पहले चंद्रप्रकाश के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था. इसके बाद पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरों और शिक्षा विभाग के वीएसके ऐप की लॉग रिपोर्ट की जांच की.

जांच में सामने आया कि चंद्रप्रकाश 17 सितंबर को सुबह करीब 9:35 बजे स्कूल पहुंचा था. इसके बाद वह निजी काम का हवाला देकर बाहर गया और कथित तौर पर अपने मोबाइल का लोकेशन बंद कर दिया. पुलिस के मुताबिक, वह करीब 12:50 बजे स्कूल लौटा, लेकिन अपने फोन के बजाय एक सहकर्मी के मोबाइल से वीएसके ऐप पर उपस्थिति दर्ज की.

पुलिस का दावा: सुनसान इलाके में हमला किया

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चंद्रप्रकाश ने बताया कि वह और शिवकुमार करीब चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और रेत, रियल एस्टेट तथा बुलियन मार्केट से जुड़े लेनदेन करते थे. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने शिवकुमार को लगभग 30 लाख रुपये दिए थे और बदले में तीन ब्लैंक चेक लिए थे. पिछले तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह स्कूल के बाहर दोनों के बीच रुपये और ब्याज को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद वे बनचरौदा के सुनसान इलाके की ओर गए, जहां आरोपी ने पहले से स्कूटी में रखे धारदार हथियार और हथौड़े से हमला किया. पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर सफेद स्कूटी, हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, दोनों मोबाइल फोन, पर्स और खून लगे कपड़े जब्त किए हैं. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है.