रायपुर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में कला एवं संगीत समेकित शिक्षण पर आयोजित दो दिवसीय संभाग स्तरीय कार्यशाला का समापन हुआ. केंद्रीय विद्यालय संगठन के रायपुर संभाग की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में अलग-अलग केंद्रीय विद्यालयों के 60 कला और संगीत शिक्षकों ने हिस्सा लिया.
कार्यशाला में शिक्षकों को बताया गया कि कला और संगीत के माध्यम से पढ़ाई को किताबों तक सीमित रखने के बजाय अधिक रोचक बनाया जा सकता है. इन तरीकों से विद्यार्थियों को विषयों को समझने और सीखने में रुचि लेने में मदद मिल सकती है.
गतिविधियों के जरिए कराया अभ्यास
शिक्षकों ने कला और संगीत को दूसरे विषयों के साथ जोड़कर पढ़ाने के तरीकों को केवल समझा ही नहीं, बल्कि विभिन्न गतिविधियों के जरिए उनका अभ्यास भी किया. उन्होंने टू-डी कलाकृतियां बनाईं और मिट्टी से अलग-अलग आकृतियां तैयार कीं.
पेंटिंग के माध्यम से विषयों को समझाने के तरीकों का भी अभ्यास कराया गया. संगीत के व्यावहारिक पक्ष को समझाने के लिए शिक्षकों ने बांसुरी बनाई और उससे धुन निकालने की गतिविधि में भाग लिया.
इसके अलावा, अभिनय के जरिए किसी विषय की जानकारी प्रस्तुत करने का अभ्यास भी कराया गया. कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षण में कला और संगीत के इस्तेमाल के व्यावहारिक तरीकों से शिक्षकों को परिचित कराना था.
