रायपुर जिले में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने कार्य विभाजन में आंशिक संशोधन करते हुए 9 अधिकारियों की नई पदस्थापना का आदेश जारी किया है. आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बदलाव छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए गए स्थानांतरण और संबंधित अधिकारियों के उपस्थिति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद किया गया है.

किस अधिकारी को मिली कौन-सी जिम्मेदारी

जारी आदेश के मुताबिक, अमित केरकेट्टा को तहसीलदार रायपुर बनाया गया है. प्रेरणा सिंह और सौरभ चौरसिया को अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर की जिम्मेदारी दी गई है. सृजन सोनकर भी अतिरिक्त तहसीलदार रायपुर के रूप में कार्य करेंगे.

जयेन्द्र सिंह को तहसीलदार खोरपा (अभनपुर) और राममूर्ति दीवान को तहसीलदार धरसींवा नियुक्त किया गया है. ख्याति नेताम को तहसीलदार खरोरा की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

इसके अलावा राजकुमार साहू को नजूल तहसीलदार रायपुर और गजानंद सिदार को नायब तहसीलदार अभनपुर बनाया गया है. नई पदस्थापनाओं के बाद संबंधित अधिकारियों को आदेश के अनुसार तत्काल कार्यभार संभालना होगा.