रायपुर के मंदिर हसौद क्षेत्र में जमीन सौदे से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. शिकायतकर्ता रजनीकांत सिंह का आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर उनसे 35 लाख रुपये से अधिक लिए गए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं की गई. बाद में संबंधित जमीन आरोपी की पत्नी के नाम हस्तांतरित कर दी गई.

शिकायत के अनुसार, न्यू राजेंद्र नगर निवासी रजनीकांत सिंह की पहचान ग्राम मुनरेठी के कोटवार रोहित रविदास के माध्यम से जमीन मालिक करण मन्नाडे से हुई थी. कृषि भूमि का एक हिस्सा बेचने के लिए 790 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से सौदा तय हुआ. 14 अक्टूबर 2024 को करीब 6,780 वर्गफुट जमीन के लिए विक्रय अनुबंध किया गया और रजिस्ट्री के लिए तीन से चार महीने का समय तय था.

शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद करण अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर रकम मांगता रहा. 11 जून 2025 तक उसने कुल 35 लाख 1,240 रुपये देने का दावा किया है. रजिस्ट्री नहीं होने पर करण ने फोन उठाना बंद कर दिया. इसके बाद 6 अगस्त 2025 को अधिवक्ता के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा गया और 7 अगस्त को समाचार पत्रों में आम सूचना प्रकाशित कराई गई.

इसी दौरान करण की पत्नी रूखमणी ने बताया कि उसका पति लापता है. उसने 14 जुलाई 2025 को मंदिर हसौद थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी. हालांकि, राजस्व अभिलेखों की जांच में शिकायतकर्ता को पता चला कि 6 अगस्त 2025 को करण ने इकरारनामा वाली जमीन समेत अन्य जमीन भी पत्नी के नाम दान विलेख से हस्तांतरित कर दी थी.

पुलिस ने करण को 5 दिसंबर 2025 को दस्तयाब किया. शिकायत की जांच के बाद 6 नवंबर 2026 को करण और रूखमणी मन्नाडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस विक्रय अनुबंध, भुगतान के साक्ष्य और दान विलेख से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.