रायपुर में अवैध हथियार लेकर घूमने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. आजाद चौक और टिकरापारा थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास से दो चाकू और एक तलवार जब्त की है. पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है.
मुखबिर की सूचना पर एक युवक पकड़ा गया
आजाद चौक पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुलदीप निर्मलकर (24) को पकड़ा गया. वह टिकरापारा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ नगर निगम, मोहन स्वीट के सामने का निवासी बताया गया है. उसके कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ. पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज किया है.
पेट्रोलिंग के दौरान दो गिरफ्तारियां
टिकरापारा पुलिस ने 22 नवंबर को पेट्रोलिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की. पुलिस के मुताबिक, मदनी चौक, संजय नगर निवासी मोहम्मद कौनेन (19) के पास से एक चाकू मिला. उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1064/2026 दर्ज किया गया.
इसी कार्रवाई में संजय नगर की ख्वाजा गली निवासी मोहम्मद अहमद (25) को पकड़ा गया. उसके पास से तलवार जब्त की गई और अपराध क्रमांक 1065/2026 के तहत केस दर्ज किया गया. दोनों मामलों में धारा 25 और 27 लगाई गई हैं.
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार रखने या उनका प्रदर्शन कर भय पैदा करने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी. संदिग्ध गतिविधि या हथियार की जानकारी मिलने पर लोगों से पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है.
