रायपुर के टिकरापारा इलाके में जीजा के सूने मकान से सोने, चांदी और हीरे के जेवरात तथा नकदी चोरी के मामले में पुलिस ने 31 वर्षीय प्रियंक उर्फ शुभम पांडे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी जीजा का सगा साला है और ऑनलाइन जुआ खेलने के चलते उस पर कर्ज हो गया था. इसी कर्ज को चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई.
मामला लक्ष्मी नगर का है. शिकायतकर्ता अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और उनकी पोस्टिंग कोंडागांव में है. परिवार के कोंडागांव में रहने के दौरान रायपुर स्थित मकान खाली था. अनिल के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सफाई के बाद घर में ताला लगाया गया था. 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा होने की जानकारी दी. रायपुर पहुंचने पर कमरे की अलमारी और लॉकर भी टूटे मिले.
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रियंक की पहचान हुई. पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह कुछ दिन पहले अपनी बहन के साथ इस घर में दो दिन रुका था. इसी दौरान उसे अलमारी में रखे जेवरात और नकदी की जानकारी मिली. पुलिस का दावा है कि वारदात वाले दिन आरोपी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ और अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी व ताला तोड़ा. इसके बाद उसने अलमारी का लॉकर तोड़कर सामान निकाल लिया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कुछ जेवर घर में ही छोड़ दिए थे, ताकि चोरी का तुरंत पता न चले. प्रियंक मूल रूप से महासमुंद के पंजाबी पारा का निवासी है और वर्तमान में रायपुर की प्रिंस कॉलोनी में रह रहा था. टिकरापारा थाने में उसके खिलाफ बीएनएस की धाराओं 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
