रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के बेमता गांव में 22 वर्षीय युवक पुरुषोत्तम पाल की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके गांव के शंकर पाल और उसके भतीजे किशन उर्फ पिंटू यादव को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों ने युवक पर धारदार हथियार से हमला किया और शव को सीमेंट की बोरी से बांधकर तालाब में फेंक दिया.
पुरुषोत्तम 14 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से लापता हुआ था. परिजनों की तलाश के बाद उसके पिता धनेश पाल ने 15 नवंबर को थाने में गुमशुदगी की सूचना दी.
पत्नी से संबंध का शक होने की बात सामने आई
पुलिस जांच में सामने आया कि शंकर पाल को अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच संबंध होने का शक था. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच पहले विवाद भी हुआ था. पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन शंकर, किशन और पुरुषोत्तम को एक साथ देखा गया था. इसके बाद शंकर और किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में किशन ने शंकर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाने की बात बताई. आरोप है कि दोनों ने पुरुषोत्तम के सिर, गर्दन और शरीर पर टंगिया से कई वार किए. इसके बाद शव को बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया गया.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया. शव पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले. जांच के दौरान पुलिस ने टंगिया, मृतक का डंडा और मृतक सहित दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए. दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
