रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 21 नवंबर को दिल्ली दौरे से रायपुर लौटेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 4:50 बजे रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद शाम 7 बजे देवेंद्र नगर स्थित बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल होंगे. रात 9 बजे उनके मुख्यमंत्री निवास पहुंचने का कार्यक्रम है.
महिला रग्बी लीग में शामिल होंगे राहुल बोस
अभिनेता और रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस 21 नवंबर से रायपुर के कोटा स्टेडियम में शुरू हो रही अस्मिता रग्बी स्टेट लीग में अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ रग्बी एसोसिएशन कर रहा है. इसमें महिला और बालिका खिलाड़ियों के लिए अंडर-15 तथा सीनियर वर्ग की स्पर्धाएं होंगी. रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, महासमुंद और धमतरी की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी.
टिटलागढ़-बिलासपुर पैसेंजर तीन दिन रद्द
पूर्व तटीय रेलवे के संबलपुर मंडल के बूंदामल स्टेशन पर फ्लाईओवर लाइन कनेक्टिविटी के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा. इसके कारण ट्रेन नंबर 58213/58214 टिटलागढ़-बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर 21, 24 और 26 दिसंबर को रद्द रहेगी. 26 दिसंबर को विशाखापत्तनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस चार घंटे देरी से चलेगी.
रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन
छठ पर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन का एक-एक फेरा चलाया जाएगा. रक्सौल से ट्रेन 21 नवंबर को शाम 4:55 बजे रवाना होगी और रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव तथा गोंदिया से होकर चर्लपल्ली पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन 23 नवंबर को रात 10 बजे चर्लपल्ली से चलेगी.
रायपुर के पं. जेएनयू मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे जनजातीय गौरव दिवस समारोह होगा. भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रम में ‘वीरांगना शौर्य उत्सव’ का ग्रैंड फिनाले भी आयोजित किया जाएगा.
