रायपुर में 14 नवंबर को कई प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे. लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका की ओर से दीपावली मिलन समारोह रखा गया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम करीब 6:15 बजे लोक भवन पहुंचकर समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहेंगे.

पथ विक्रेताओं से संवाद करेंगे डिप्टी सीएम साव

उपमुख्यमंत्री साव राजधानी में आयोजित स्वनिधि महोत्सव में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में होगा. यहां प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वरोजगार कर रहे पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद किया जाएगा. लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित किए जाएंगे.

‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ थीम वाले इस महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा. वित्तीय साक्षरता और डिजिटल भुगतान को लेकर विशेष सत्र भी होगा. इसके अलावा फूड स्टॉल, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे.

प्रेस वार्ता और छठ पूजा का खरना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव दोपहर 1:30 बजे देवेंद्र नगर स्थित अपने निवास पर पत्रकार वार्ता करेंगे.

रायपुर में चार दिवसीय छठ महापर्व का दूसरा दिन खरना है. नहाय-खाय के बाद व्रती महिलाएं खरना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगी. महादेवघाट पर आयोजन समिति ने कार्यक्रम की तैयारियां की हैं.

इस बीच छत्तीसगढ़ में ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी. परिवहन विभाग और छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के बीच बैठक में सहमति नहीं बनी. संगठन ने चक्काजाम की चेतावनी भी दी है.