रायपुर में त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले ही कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई. शनिवार को मोवा ओवरब्रिज, आमापारा, शंकर नगर, एक्सप्रेस-वे के फुंडहर चौक और पुरानी बस्ती समेत आधा दर्जन से अधिक सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही. कुछ हिस्सों में करीब आधा किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लगीं.
हालात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी तय करने में लोगों को 45 मिनट तक लग गए. कारों के बीच जगह बनाकर बाइक सवार निकलते रहे. ट्रैफिक पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था संभालते दिखे, लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने से तत्काल राहत नहीं मिल सकी.
सड़क किनारे बाजार और पार्किंग से बढ़ी परेशानी
जाम की वजहों में सड़क किनारे लगे अस्थायी बाजार, पंडाल और बेतरतीब पार्किंग शामिल हैं. ठेले, गुमटियां और दुकानें कई जगह सड़क तक आ गई हैं, जबकि कुछ वाहन सड़क पर ही खड़े किए जा रहे हैं. प्रतिमाओं को ढोल-बाजे और डीजे के साथ पंडाल तक ले जाने से भी उपलब्ध सड़क कम हो रही है.
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए रास्ता खुलता है, लेकिन पुलिसकर्मियों के हटते ही दोबारा अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या सामने आ जाती है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार बारिश के दौरान बाइक की जगह कारों का इस्तेमाल बढ़ने से भी सड़कों पर अचानक दबाव बढ़ता है.
अस्थायी बाजारों को दूसरी जगह भेजने की तैयारी
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने बताया कि त्योहारी एक्शन प्लान पर काम शुरू कर दिया गया है. सड़क से ठेले, गुमटियां और दुकानें हटाने के लिए दस्ता बनाया गया है. अस्थायी बाजारों को खाली मैदानों और प्लॉट में स्थानांतरित करने के लिए नगर निगम के साथ समन्वय किया जा रहा है.
बेतरतीब पार्किंग पर कार्रवाई बढ़ाने और दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए निगरानी की जाएगी. ट्रैफिक एक्सपर्ट प्रफुल्ल जोशी ने प्रमुख मार्गों पर सार्वजनिक परिवहन बढ़ाने और लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक या साझा परिवहन अपनाने की जरूरत बताई है.
