रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात शाखा में आठ निरीक्षकों की पदस्थापना में बदलाव किया गया है. पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल ने 24 नवंबर को आदेश जारी कर अधिकारियों को अलग-अलग यातायात थानों और मुख्यालय में अस्थायी रूप से पदस्थ किया. यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी.
आदेश के अनुसार, निरीक्षक गोविंद कुमार यादव को पचपेड़ीनाका यातायात थाने से हटाकर फाफाडीह भेजा गया है. यातायात मुख्यालय में पदस्थ निरीक्षक मालिक राम केंवट को भाठागांव यातायात थाने की जिम्मेदारी दी गई है. भाठागांव में पदस्थ निरीक्षक नवल किशोर कश्यप अब कालीबाड़ी यातायात थाने का प्रभार संभालेंगे.
निरीक्षक राकेश ठाकुर को भनपुरी से पचपेड़ीनाका यातायात थाना भेजा गया है, जबकि यातायात मुख्यालय में पदस्थ निरीक्षक मनीष तिवारी को भनपुरी यातायात थाने की जिम्मेदारी मिली है. फाफाडीह यातायात थाने के निरीक्षक अम्बरीश शर्मा को पंडरी यातायात थाने में पदस्थ किया गया है.
दो निरीक्षकों को मुख्यालय की जिम्मेदारी
पंडरी यातायात थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित पद्मशाली को हटाकर यातायात मुख्यालय भेजा गया है. वहीं कालीबाड़ी यातायात थाने में पदस्थ निरीक्षक मनोज साहू को यातायात मुख्यालय के इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) की जिम्मेदारी दी गई है.
इस फेरबदल में छह निरीक्षकों को यातायात थानों में नई पदस्थापना मिली है, जबकि दो निरीक्षकों को मुख्यालय भेजा गया है. आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल नए पदस्थापन स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं.
