रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के कथित अपहरण का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, रांवाभाठा स्थित डीएम टावर के पास काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे तीन युवकों ने बातचीत के बहाने कारोबारी को बाहर बुलाया और कुछ देर बाद जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए. पुलिस ने कारोबारी को देर रात बरामद कर लिया. मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है.
पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है. प्रतीक राय अपने फ्लैट में थे, तभी स्कॉर्पियो उनके भवन के बाहर आकर रुकी. इसमें सवार तीन युवक उनके फ्लैट पर पहुंचे और जरूरी बात करने के नाम पर उन्हें नीचे बुलाया. बातचीत के बाद उन्होंने कारोबारी को पकड़कर गाड़ी में बैठाया और वहां से चले गए.
पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
घटना के बाद प्रतीक राय का मोबाइल फोन बंद हो गया. उनके अचानक लापता होने पर पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दी. इसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. परिवार के मुताबिक, इस घटना के बाद फिरौती के लिए कोई फोन नहीं आया.
जांच के दौरान कॉलोनी के एक युवक ने पुलिस को स्कॉर्पियो सवार युवकों में से दो के मोबाइल नंबरों के बारे में जानकारी दी. पुलिस इन नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और टावर लोकेशन की जांच कर रही है. डीएम टावर और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई है.
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है. अन्य युवकों की पहचान, उनकी भूमिका और कथित अपहरण की वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है.
