रायपुर में ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय के कथित अपहरण का मामला पुलिस ने करीब 12 घंटे में सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के अहरौरा क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है. उन्हें वैधानिक कार्रवाई के लिए रायपुर लाया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे प्रतीक राय की पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनके पति घर नहीं लौटे और उनका मोबाइल फोन भी बंद था. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की.
CCTV और तकनीकी निगरानी से मिली दिशा
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज में दोपहर करीब 2:28 बजे तीन लोग प्रतीक राय को कथित तौर पर काले रंग की स्कॉर्पियो में बैठाकर ले जाते दिखाई दिए. इसके बाद वाहन की पहचान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए तकनीकी सर्विलांस शुरू किया गया.
जांच में वाहन के उत्तर प्रदेश की ओर जाने की जानकारी मिलने पर रायपुर पुलिस ने वहां की पुलिस से संपर्क किया. अहरौरा, चौपन और रॉबर्ट्सगंज समेत संभावित मार्गों पर नाकाबंदी और चेकिंग कराई गई. रायपुर पुलिस की ओर से साझा की गई वाहन, टोल और लोकेशन संबंधी जानकारी के आधार पर अहरौरा पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया.
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान अभय सिंह (28), बृहस्पत देव सिंह (27) और आदर्श सिंह (24) के रूप में बताई गई है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में अपहरण की वजह वाहन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है. मामले में आगे की कार्रवाई रायपुर पुलिस करेगी.
