रायपुर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर आयोजित चर्चा में महिला स्व-सहायता समूहों की पदाधिकारियों ने महिलाओं के अधिकारों से जुड़े कई सुझाव दिए. चर्चा में रायपुर जिले के धरसींवा और गरियाबंद जिले से आई महिलाएं शामिल हुईं.
महिलाओं ने लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीयन अनिवार्य करने की मांग रखी. उनका कहना था कि पंजीयन की व्यवस्था होने से महिलाओं के संभावित शोषण को रोकने में मदद मिल सकती है. उन्होंने ऐसे संबंधों से जन्मे बच्चों के पालन-पोषण और उत्तराधिकार के पूरे अधिकार सुनिश्चित करने का भी सुझाव दिया.
चर्चा में पैतृक और व्यक्तिगत संपत्ति में महिलाओं को पुरुषों के बराबर अधिकार देने की मांग उठी. महिलाओं ने आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया को आसान बनाने और दहेज से जुड़े नियमों में समानता लाने की बात भी कही. उन्होंने कहा कि कानूनों में जरूरी बदलाव के जरिए स्वतंत्रता, समानता और न्याय के अधिकारों को मजबूत किया जाना चाहिए.
आदिवासी परंपराओं और ग्रामीण जागरूकता पर जोर
महिला पदाधिकारियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समुदायों की बड़ी आबादी को देखते हुए यूसीसी पर विचार करते समय उनकी परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कृति का सम्मान किया जाना चाहिए. उनका सुझाव था कि कानून का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. इसके लिए गांवों में जागरूकता बढ़ाने और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने की जरूरत है.
उन्होंने ‘एक राष्ट्र, एक कानून’ की दिशा में आगे बढ़ते हुए लोगों को अपनी परंपराओं का पालन करने की स्वतंत्रता दिए जाने की बात कही.
चर्चा में समिति के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राऊत और वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार ने महिलाओं की बातें सुनीं. समिति सदस्यों ने कहा कि प्राप्त व्यावहारिक सुझावों को रिपोर्ट में प्रमुखता से शामिल करने पर विचार किया जाएगा.
