छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में चौकीदार के पद पर कार्यरत रामसिंह यादव को दी गई अनिवार्य सेवानिवृत्ति का आदेश रद्द कर दिया है. अदालत ने कहा कि किसी कर्मचारी के खिलाफ विभागीय जांच किए बिना दंडात्मक कार्रवाई करना अवैधानिक है. मामले की सुनवाई जस्टिस एनके व्यास ने की.
याचिका के अनुसार, रामसिंह यादव की नियुक्ति 6 जुलाई 2002 को विश्वविद्यालय में चौकीदार के पद पर हुई थी. परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद 8 जुलाई 2004 को उनकी सेवा नियमित कर दी गई थी. बाद में उन पर 7 जून से 4 अगस्त 2011 के बीच ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया.
यादव ने विश्वविद्यालय के नोटिस के जवाब में अपनी बीमारी और हृदय संबंधी परेशानी का हवाला दिया था. इसके बावजूद विश्वविद्यालय ने 10 सितंबर 2012 को 461 दिनों की अनुपस्थिति की अवधि को बिना वेतन मानते हुए एक वेतनवृद्धि रोकने का दंड दिया. इसके बाद 16 अप्रैल 2013 को उन्हें अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई.
याचिकाकर्ता का अभ्यावेदन भी 11 जुलाई 2018 को खारिज कर दिया गया था. हाईकोर्ट में विश्वविद्यालय ने बार-बार अनुपस्थिति और खराब कार्यप्रदर्शन का तर्क दिया. अदालत ने पाया कि अनिवार्य सेवानिवृत्ति का आदेश दंडात्मक प्रकृति का था और इसे नियमित विभागीय जांच के बिना जारी किया गया. निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं होने पर हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय के संबंधित दोनों आदेश रद्द कर दिए.
