रायपुर के उरला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पोदवाल टायर फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई. आग तेजी से फैलने के बाद फैक्ट्री और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना के समय फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे.
आग से उठता धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था. सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के दरवाजे बंद कर दिए गए और दमकल विभाग को सूचना दी गई. इसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया.
दमकलकर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. हालांकि, आग लगने की वजह और फैक्ट्री को हुए नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
टार रिसाव की आशंका, पुष्टि बाकी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टायर बनाने की प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले टार के रिसाव से आग लगने की आशंका है. संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.
फिलहाल किसी मजदूर के घायल होने या जान जाने की आधिकारिक सूचना नहीं है. आग से संपत्ति को कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन भी अभी सामने नहीं आया है. मामला उरला थाना क्षेत्र का है.
