रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में 25 सितंबर को सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम वंदे मातरम् के 150वें वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘नमामि भारतम्’ अभियान का हिस्सा है. आयोजकों का लक्ष्य बड़ी संख्या में लोगों को एक साथ जोड़कर सामूहिक गायन का नया विश्व कीर्तिमान बनाने का प्रयास करना है.
छत्तीसगढ़ में कार्यक्रम की तैयारियां सरस्वती शिक्षा संस्थान के माध्यम से की जा रही हैं. रायपुर के अलावा प्रदेश के अन्य विद्यालयों, उनके पोषित गांवों और वार्डों में भी सामूहिक गायन आयोजित किया जाएगा.
सुबह 10 बजे से पंजीयन
देवेंद्र नगर स्थित विद्यालय में 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से प्रतिभागियों का आगमन और पंजीयन शुरू होगा. इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन समेत अन्य कार्यक्रम होंगे. मुख्य सामूहिक गायन सुबह 11 बजे शुरू किया जाएगा. प्रतिभागी सुबह 11 बजे से 11 बजकर 3 मिनट 13 सेकंड तक एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे.
कार्यक्रम की तैयारी के लिए विद्यालय स्तर पर अभ्यास कराया जा रहा है. सामूहिक गायन का पूर्वाभ्यास 21 सितंबर को सुबह 11 बजे होगा. इसी दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भी विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. सरस्वती शिक्षा संस्थान, छत्तीसगढ़ प्रांत की ओर से आयोजन को लेकर विद्यालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
